वंदे भारत टाइम्स न्यूज़
रिपोर्ट – सूरज कुमार उपाध्याय
मीरजापुर,विंध्याचल। विंध्याचल के अटल चौक पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति द्वारा (अटल चौक के राजा) गणेश जी की प्रतिमा स्थापना व महोत्सव का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया जा रहा है। समिति द्वारा दिनांक 30 अगस्त, शनिवार को भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण शामिल हुए और देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमते रहे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्री सोहनलाल श्रीमाली ने गणेश जी का दर्शन-पूजन कर जागरण कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा भी गणेश जी के दर्शन हेतु पहुंचे और भक्तिमय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
जागरण कार्यक्रम बेहद भावपूर्ण रहा। इसमें शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण, महाकाली, बजरंगबली समेत विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां प्रस्तुत की गईं। साथ ही भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार बरनवाल उर्फ डब्बू जी ने बताया कि वर्ष 2016 से समिति द्वारा अटल चौक पर राजा गणेश जी की प्रतिमा स्थापना की जा रही है, और हर वर्ष यह आयोजन पूरे श्रद्धा व धूमधाम से संपन्न होता है। इस दौरान समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ताओं में मुख्य रूप से प्रवीण कुमार बरनवाल (डब्बू जी), रिंकू अग्रहरि, सुमित जायसवाल, आशुतोष मोदनवाल (गुड्डन), शालू मोदनवाल, दलजीत गुप्ता, कृष्णानंद जायसवाल, अनूप जायसवाल, शुभम जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भक्ति, आस्था और उल्लास का यह आयोजन लगातार क्षेत्रवासियों को आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता से जोड़ रहा है।







