राकेश कुमार कन्नौजिया की रिपोर्ट
दुद्धी, सोनभद्र शनिवार की दोपहर लगभग 1 बजे दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग उठाई।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज कई दशकों से बुलंद की जा रही है। समिति की ओर से अब तक 30 घंटे का आमरण अनशन, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। पदाधिकारियों का कहना है कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को भारी राजस्व की प्राप्ति भी होती है, इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई मंत्री व राजनीतिक नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। अब जनता उम्मीद कर रही है कि सरकार चुनावी वायदे को निभाते हुए दुद्धी को जिला घोषित कर विकास की राह प्रशस्त करेगी।
प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र श्रीवास्तव, रामपाल जौहरी, सत्यनारायण यादव, छोटेलाल गुप्ता, राकेश कुमार, अमरावती देवी, आशीष कुमार, कृष्णा कुमार, श्रीकांत सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ और मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे। जुलूस और नारेबाजी के दौरान पूरा कचहरी परिसर आंदोलनी रंग में डूबा नजर आया।
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।







