राकेश कुमार कन्नौजिया की रिपोर्ट
सोनभद्र जुगैल थाना क्षेत्र में इंसानियत को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक नवजात शिशु को जन्म लेते ही जमीन में जिंदा दफनाकर दरिंदे फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को सफेद बोलेरो में सवार कुछ लोग चौरा स्थित बंद पड़े बालू साइड के रास्ते के पास पहुंचे। गाड़ी से उतरी एक महिला प्रसव पीड़ा से गुजर रही थी। जैसे ही उसने नवजात शिशु को जन्म दिया, बोलेरो में बैठी दूसरी महिला तुरंत उतरी और नवजात की नाल काटकर उसे गोद में उठाया। इसके बाद वह शिशु को पास के खेत में ले जाकर मिट्टी से ढक दिया।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक, यह सब इतनी तेजी से हुआ कि कोई कुछ समझ ही नहीं सका। शिशु को मिट्टी में दबाने के बाद आरोपी बोलेरो लेकर चोपन की ओर फरार हो गए।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोग महिला की अमानवीय हरकत की निंदा करते हुए दहशत और आक्रोश में हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वाहन की तलाश की जा रही है।







